कुलपति की बेटी डॉक्टर सोनल को लाल बहादुर शास्त्री युवा वैज्ञानिक पुरस्कार

झाँसी : केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.अरविन्द कुमार की बेटी डॉक्टर सोनल को भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से लाल बहादुर शास्त्री युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के 93 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में डॉक्टर सोनल को यह सम्मान भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदान किया। कार्यक्रम में पशुपालन मत्स्य पालन एवं डेयरी विकास मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला एवं कृषि मंत्रालय में राज्यमंत्री कैलाश चौधरी एवं सुश्री शोभा भी उपस्थित थे। इनके अलावा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के महानिदेशक डॉक्टर त्रिलोचन महापात्रा एवं परिषद के अन्य पदाधिकारी गण भी मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम को बीते रोज वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से देश के सभी कृषि विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान संस्थान में प्रसारित किया गया। डॉक्टर सोनल को यह सम्मान स्वान के स्तन कैंसर का टीका विकसित करने में उल्लेखनीय शोध कार्य के लिए प्रदान किया गया है। पुरस्कार के रुप में डॉक्टर सोनल को एक लाख की नगद राशि एवं एक प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही तीन लाख रुपये की एक परियोजना भी परिषद द्वारा स्वीकार की गई है, जिसमें कि डॉक्टर सोनल कैंसर के टीके के विकास पर एडवांस शोध कार्य करेंगी। इसके साथ ही 3 महीने के लिए विश्व की किसी एडवांस प्रयोगशाला में जाकर शोध करने का प्रावधान भी इस सम्मान के साथ उन्हें दिया गया है।

डॉक्टर सोनल भारतीय कृषि शोध सेवा की 84 बैच की वैज्ञानिक है एवं भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान बरेली में वर्ष 2008 से पदस्थ हैं। पिछले कई वर्षों से वह स्वान के स्तन कैंसर विषय पर विभिन्न परियोजनाओं में कार्य कर रही हैं एवं उन्होंने कैंसर के टीके के विकास में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। डॉक्टर सोनल ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पति, माता पिता, परिवार के सभी सदस्यों, शिक्षकों, संस्थान के निदेशक, उपनिदेशक एवं शुभचिंतकों को दिया है।

पति-पत्नि दोनों को मिला यही पुरस्कार

गौरतलब है कि उनके पति डॉक्टर समीर श्रीवास्तव भी भारतीय कृषि शोध सेवा के 82 बैच के वैज्ञानिक हैं। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान बरेली के पशु जैव प्रौद्योगिकी विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक पद पर कार्यरत हैं। 2009 में डॉक्टर समीर श्रीवास्तव को भी इसी सम्मान से भारत सरकार ने नवाजा था। यह पहला अवसर है जब पति-पत्नी दोनों को भारत सरकार के कृषि मंत्रालय की ओर से यह प्रतिष्ठित लाल बहादुर शास्त्री युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दोनों ही वैज्ञानिकों ने पशु जैव प्रौद्योगिकी विषय में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। यह दोनों वैज्ञानिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय परियोजनाओं का सुचारू रूप से संचालन कर रहे हैं।

Kuldeep Tripathi

Editor

Kuldeep Tripathi has 1564 posts and counting. See all posts by Kuldeep Tripathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *