झाँसी : मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले दबंग दे रहे जान से मारने की धमकी
शिकायतकर्ता ने कहा, कार्रवाई नहीं होने से हौसले बुलंद
झाँसी : कुछ माह पूर्व फूटा चोपड़ा स्थित प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर के निकट अवैध रूप से किये जा रहे निर्माण को नगर निगम द्वारा ध्वस्त किए जाने के बाद भी हौसला बुलंद दबंगों द्वारा पुनः निर्माण कार्य शुरू किए जाने की शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने पर जहां क्षेत्र वासियों में खासा रोष व्याप्त है, वहीं बेखौफ दबंग अब शिकायतकर्ता को अपनी पहुंच का हवाला देते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
अंदर सैंयर गेट फूटा चोपड़ा निवासी नरेंद्र सक्सेना ने बताया कि प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर के पास दबंग द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू किये जाने पर उसने शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर नगर निगम द्वारा निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया गया था। लेकिन, विगत दिवस पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इससे भक्तों में खासा रोष व्याप्त है। उसके पुनः शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं होने के कारण हौसला बुलंद दबंग अपनी पहुंच का हवाला देते हुए उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे मौके पर कभी भी गम्भीर घटना हो सकती है।
बख्शे नहीं जाएंगे अवैध निर्माण करने वाले व उन्हें संरक्षण देने वाले- अड़जरिया
राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया ने बताया कि उन्होंने नगर आयुक्त व अपर नगर आयुक्त से वार्ता कर अवैध निर्माण हटाये जाने की मांग की थी। इस पर दो दिन के भीतर उक्त अवैध निर्माण को हटवाकर मंदिर को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने का आश्वासन दिया गया था। अंचल ने बताया कि पुनः अवैध निर्माण करने वाले व उन्हें संरक्षण देने वाले भी बख्शे नहीं जाएंगे। संगठन की ओर से निर्माण करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा, नगर निगम के कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई कराई जाएगी।