सपा के युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पहुंचे महोबा, बुलाई समीक्षा बैठक
महोबा : समाजवादी युवजन सभा की समीक्षा बैठक बुधवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष मोहन यादव, जयकरण सिंह, प्रदेश सचिव अविनाश यादव जिला सचिव सपा अलीगढ़, धर्मेंद्र यादव पूर्व महानगर अध्यक्ष लोहिया वाहिनी अलीगढ़ का जनपद महोबा में आगमन हुआ।
चित्रकूट मंडल के प्रभारी आशीष मोहन यादव ने युवजन सभा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता पूरी तन्मयता के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को 2022 में CM बनाना है।
सपा सरकार आने पर अधिकारियों को सबक सिखाएंगे
पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने जिला पंचायत चुनाव में प्रशासन का सहयोग लेते हुए चुनाव को जीता है। जबरदस्ती पूरे प्रदेश में सपा के पदाधिकारियों पर मुकदमे लगाए हैं। उनका उत्पीड़न किया है। सपा सरकार आने पर ऐसे अधिकारियों को चिन्हित कर सबक सिखाने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के द्वारा जल्द ही जिला पंचायत चुनाव को लेकर सपा पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी।
भितरघात की रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौपेंगे
पत्रकारों ने जब उनसे सवाल पूछा कि जिला पंचायत चुनाव में सपा को 4 सीटें मिली थी और एक अन्य निर्दलीय ने भी सपा का दामन थामा था। लेकिन, जब जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग हुई तो एक अन्य सदस्य विरोध में गया। पार्टी के कुछ पदाधिकारी और आम जनमानस में यह चर्चा रही की पार्टी के जिम्मेदार लोग ही भितरघात कर गए। उन्होंने कहा जिला पंचायत चुनाव महोबा में जो कुछ भी हुआ उसकी जानकारी है। जल्द ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात करके इसकी जानकारी दी जाएगी। ऐसे लोग जो पार्टी से किसी भी समय दगाबाजी करते हैं, उन पर पार्टी द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि यह चर्चा आम हो गई है कि जिला पंचायत चुनाव में महोबा जनपद में नामांकन करके सपा के पदाधिकारी वाहवाही लूट रहे हैं। लोगों में कानाफूसी करते समय यह बात चर्चा का विषय बनी हुई है कि सपा के जिले के दिग्गज नेताओं की भाजपा के नेताओं से कहीं ना कहीं सांठगांठ नजर आ रही है इस प्रकार की चर्चाओं से महोबा जनपद में कहीं ना कहीं सपा की छवि धूमिल हो रही है।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष युवजन सभा आकाश शर्मा, वरिष्ठ सपा जिला उपाध्यक्ष अमित यादव रूद्र, यश चौरसिया, आनंद द्विवेदी उर्फ ज्ञानू महाराज अनिल सम्राट, अंकित चौरसिया आशीष अग्निहोत्री सहित तमाम पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।