भाजपा सरकार के विरोध में गरजे सपाई, निष्पक्ष चुनाव को छलावा बताया

जिला मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में सपा ने किया धरना प्रदर्शन

झाँसी : समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश कश्यप व महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को कचहरी चौराहे स्थित गांधी उद्यान में भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों, लोकतंत्र की हत्या, किसान, नौजवान, महिला, बेटियों पर अत्याचार के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया। साथ राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

धरना प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी श्याम सुन्दर सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को प्रारंभ से ही सत्ता पक्ष द्वारा पंचायती चुनावों को प्रभावित कर अपने पक्ष में करने की साजिशों के बारे में लगातार सूचित करते हुए आगाह किया था। पर चुनाव आयोग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं हुई। संविधान में दिए गए लोकतंत्र की व्यवस्था के यह सर्वथा विपरीत है। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के अंतर्गत जिला पंचायत अध्यक्षों एवं ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जो गुंडागर्दी और लोकतंत्र की हत्या भाजपा राज में हुई है, उसकी कोई कल्पना नहीं थी।

निवर्तमान जिलाध्यक्ष महेश ने कहा कि जिस तरह साजिश कर तानाशाही रवैया अपना कर भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस के दम पर चुनाव लड़ा ये जग जाहिर है। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की बात बेमानी हो गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख के चुनावों में सत्ता पक्ष के प्रत्याशियों को जिताने के लिए विपक्ष के साक्षर जिला पंचायत सदस्यों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ जबरन हेल्पर लगाकर वोट डलवाए गए। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों की अहम भूमिका रही।

धरने को महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेन्द्र प्रताप सिहं वीरू, पूर्व प्रत्याशी बबीना विधान सभा यशपाल सिंह यादव, चन्द्रप्रकाश मिश्रा, राजेश यादव, रोहित यादव, पं सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, दीपाली रायकवार आदि ने भी संबोधित किया। इसके तत्पश्चात जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम सम्बोधित ज्ञापन सौंपा गया।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव, प्रतिपाल सिंह, विजय झासिया, आरिफ खान, पूर्व प्रवक्ता शकील खान, महिला सभा की जिलाध्यक्ष रीना यादव, जिला उपाध्यक्ष तानिया पवार, जिला सचिव मुन्नी भास्कर, कोषाध्यक्ष शुवी राजपूत, महीपत झा, तरूण यादव मोनू, पंकज मालवीय, पप्पे राईन, केके यादव आदि मौजूद रहे।

मोंठ तहसील में गरजे दीपनारायण सिंह यादव

जनपद की मोंठ तहसील में पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपाइयों ने भाजपा सरकार के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया। साथ ही एसडीएम मोंठ को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व एमएलसी तिलक सिंह अहिरवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश पाल समेत तमात सपा नेता मौजूद रहे। इसके साथ ही जनपद की प्रत्येक तहसीलों में सपा नेताओं द्वारा धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन दिये गये।

प्रदर्शन से पहले ही सपाइयों के घर बैठा पुलिस का पहरा

धरना प्रदर्शन के पहले ही समाजवादी पार्टी के नेताओं के घर पुलिस का पहरा लग गया। सुबह जब सपाइयों की आंख खुली तो दरवाजे पर पुलिस के पहरे को देखकर वे दंग रह गए। गुरुवार की सुबह पूर्व राज्यसभा सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष महेश कश्यप व पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव समेत तमाम नेताओं के घर पर पुलिस ने डेरा जमा लिया और सब को घर में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। लेकिन मौका पाते ही उक्त नेता चिन्हित धरना स्थल पर पहुंचे और सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया।

Kuldeep Tripathi

Editor

Kuldeep Tripathi has 1564 posts and counting. See all posts by Kuldeep Tripathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *