अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन महिलाओं के लिए सुरक्षित विकल्प

झाँसी : जनपद में महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार लाने और परिवार नियोजन में लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयास कर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में परिवार नियोजन के अस्थायी विकल्पों में कई नए नाम जोड़े गए हैं, जो विश्वसनीय होने के साथ-साथ इस्तेमाल में बेहद आसान है। इनमें से सबसे अहम है अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन।

परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी डॉ. एनके जैन बताते हैं कि अंतरा इंजेक्शन अनचाहे गर्भ को रोकने के लिए व दो बच्चों के बीच अंतर रखने के लिए एक सुरक्षित अस्थायी गर्भनिरोधक विकल्पों में से एक है। तीन माह के अंतराल पर लगने वाला यह इंजेक्शन एक बार लगवाने पर तीन माह तक अनचाहे गर्भ से छुटकारा देता है। यह जिला महिला अस्पताल सहित सभी प्राथमिक और उप केन्द्रों पर लगाया जाता है।

पहला इंजेक्शन डॉक्टर की देख रेख में लगाया जाता है। फिर उसके बाद एएनएम इस इंजेक्शन को लगाती है। दो बच्चों के बीच अंतराल हो या महिला बच्चे पैदा करने की स्थिति में न हो, ऐसे में अंतरा इंजेक्शन बहुत सहायक है। यहाँ तक कि जिन महिलाओं में खून की कमी है और थोड़ा समय बाद बच्चा चाहती हैं तो यह इंजेक्शन उनके लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। अंतरा लगने के बाद महिला माहवारी से नहीं होती।

गोन्दू कंपाउंड की रहने वाली निशी एक बेटी की माँ है। बेटी के जन्म के बाद ही उन्होंने तय किया था कि दूसरा बच्चा 3-4 साल के बाद ही करेंगे। इसके लिए उन्होंने डॉक्टर से बात की। डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने अंतरा इंजेक्शन अपनाया और करीब डेढ़ साल से वह हर 3 माह पर इसे लगवा रही हैं। वह बताती है कि इससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। वह खुश हैं कि बिना किसी टेंशन के दांपत्य जीवन बिता रही हैं।

अंतरा इंजेक्शन अपना रहीं महिलाएं

स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार 2019-20 में 4421 अंतरा की डोज दी गईं। 2020-21 में 3170 और 2021-22 में जून तक 371 महिलाओं ने अंतरा अपनाया। जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के दौरान 11 जुलाई से 18 जुलाई तक 153 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन अपनाया है।

अंतरा की सबसे खास बात अंतरा केयरलाइन टोल फ्री नंबर 1800-103-3044 है जिससे जुड़कर महिलाएँ किसी भी तरह की समस्या होने पर घर बैठे ही सलाह ले सकती हैं। टोल फ्री नंबर डायल करने पर अंतरा से जुड़ी हर समस्या की उचित सलाह परामर्शदाता से मिल जाती है। अतः अंतरा इंजेक्शन लगवाते ही महिला को अंतरा केयरलाईन 1800-103-3044 पर अपने को पंजीकृत करवाना चाहिए।

Kuldeep Tripathi

Editor

Kuldeep Tripathi has 1564 posts and counting. See all posts by Kuldeep Tripathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *