जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुआ समाधान दिवस का आयोजन

बांदा (लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी)। जिलाधिकारी बांदा श्रीमती दीपा रंजन की अध्यक्षता में तहसील नरैनी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय अधिकारियों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जन शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्धता के साथ किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने गत समाधान दिवस में प्राप्त हुए प्रकरणों के निस्तारण की गुणवत्ता को चेक किया तथा लम्बित मामलों को शीघ्र निस्तारित किये जाने के निर्देश उप जिलाधिकारी नरैनी को दिये।

 

सम्पूर्ण समाधान दिवस, तहसील नरैनी में कुल 78 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिनमें से मौके पर 05 शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा शेष आवेदन पत्रों को सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को इस निर्देश के साथ दिये गये कि सम्बन्धित आवेदन पत्रों का शीघ्रता से गुणवत्ता के साथ निस्तारण कराया जाए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, आपूर्ति, विद्युत विभाग, नगर पंचायत आदि विभागों से सम्बन्धित आवेदन पत्र प्राप्त हुए।

 

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष ग्राम पडमई के फरियादी द्वारा रास्ते के विवाद से सम्बन्धित आवेदन पत्र दिया गया, जिस पर उन्होंने सम्बन्धित लेखपाल एवं पुलिस की संयुक्त टीम को भेजकर विवादित प्रकरण को निस्तारित किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्राम शाहपाटन के मजरे में कुछ लोंगो के द्वारा चकमार्ग पर अतिक्रमण करने की शिकायत मिलने पर नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर पैमाइश कराकर चकमार्ग को खाली कराने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्राम पचगई की महिला फरियादी द्वारा दहेज की मांग किये जाने के प्रकरण पर एस0एच0ओ0 नरैनी को मामले की जांच कर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने ग्राम पुंगरी में सफाई कर्मी द्वारा ग्राम में सफाई कार्य न करने की शिकायत पर तत्काल कार्यवाही किये जाने के निर्देश ए0डी0ओ0 पंचायत को दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में बिना सूचना दिये डी0एफ0ओ0 के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण दिये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सहकारी समिति के धान क्रय केन्द्र में धान खरीद में शिकायत मिलने पर केन्द्र प्रभारी को तत्काल हटाये जाने के निर्देश ए0आ0काॅपरेटिव को दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन कार्यालय में बैठकर जनता की समस्यायें सुनकर उनका गुणवत्तापरक निस्तारण करें। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि भूमि पैमाइश एवं भूमि से सम्बन्धित विवादित मामलों में राजस्व एवं पुलिस के अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर निस्तारण करायें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील नरैनी में मुख्य विकास अधिकारी श्री वेद प्रकाश मौर्य, उप जिलाधिकारी नरैनी रजत वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनिल श्रीवास्तव, तहसीलदार नरैनी सहित सम्बन्धित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *