परिजनों और पुलिस के अनुसार, बच्ची सोमवार शाम करीब 6 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। देर रात लगभग 12 बजे एक परिजन ने घरवालों को सूचना दी कि बच्ची का शव आरोपी पक्ष के घर में पड़ा है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां बच्ची की दर्दनाक स्थिति देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
आरोप है कि बच्ची को उसके ही चचेरे परिवार के सदस्य अपने घर ले गए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची को पहले भूसे वाले कमरे में ले जाया गया, जहां उस पर हंसिए से हमला किया गया और गला रेत दिया गया। उसके शरीर पर कई वार किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में परिवार के ही कुछ सदस्यों की संलिप्तता सामने आई है, जिसके चलते कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच तेज कर दी गई है।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
