जंगल में आग का अलर्ट हुआ जारी
झांसी। शुक्रवार को गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आईं। भारतीय मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बढ़ते तापमान और लगातार बढ़ रही बिजली खपत के कारण ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ गया है। शहर के बीकेडी चौराहा स्थित मुन्नालाल पावर हाउस में लगे छह ट्रांसफार्मरों को ओवरहीटिंग से बचाने के लिए छह कूलर लगाए गए हैं। बिजली विभाग का कहना है कि अत्यधिक गर्मी में ट्रांसफार्मरों का तापमान तेजी से बढ़ जाता है, जिससे उनमें तकनीकी खराबी या जलने का खतरा रहता है। इसी वजह से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी और विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार लू और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है, इसलिए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।
एनडीआरएफ ने जारी किया एलर्ट
इधर, भीषण गर्मी के कारण आग लगने की घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। फायर ब्रिगेड विभाग ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और इमारतों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव की एडवाइजरी जारी की है। वहीं नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) ने मोबाइल अलर्ट जारी कर अगले छह दिनों में झांसी के वन क्षेत्रों में जंगल की आग का अत्यधिक खतरा होने की चेतावनी दी है
