झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। झांसी-कानपुर हाईवे स्थित चिरगांव बाइपास पर तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक भागने की कोशिश में दोनों को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि चाचा का शव कई टुकड़ों में बिखर गया, जबकि भतीजे का शव भी बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

मृतकों की पहचान मोठ थाना क्षेत्र के गोपालपुरा गांव निवासी सुमित अहिरवार (50) और उनके भतीजे वीर बहादुर (28) के रूप में हुई है। दोनों चिरगांव बाजार से सब्जी खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक ट्रक के नीचे फंस जाने के कारण वाहन आगे जाकर रुक गया, जिसके बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार सुमित गांव-गांव जाकर लोगों का इलाज करने का काम करते थे और हादसे वाली जगह के पास ही नया घर बनवा रहे थे। वहीं वीर बहादुर खेती के साथ राजमिस्त्री का काम करता था। दो दिन पहले ही उसका रिश्ता तय हुआ था और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। चिरगांव थाना पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
चिरगांव थाना के कार्यवाहक थाना प्रभारी अनुज ने बताया- ट्रक कानुपर की तरफ से आ रहा था। तभी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सुमित और उसके भतीजे वीर बहादुर की मौत हो गई। हादसे के बाद फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है। ट्रक व बाइक को कब्जे में ले लिया गया है।
