अपर जिलाधिकारी ने सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर
झांसी। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को नकलविहीन और सकुशल संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जिले के 37 केंद्रों पर 25 व 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को दो पालियों में परीक्षा होगी। इसमें 15,697 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
अपर जिलाधिकारी ने 22 अक्टूबर की शाम तक सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील करने और बिजली, पेयजल, शौचालय व साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। सेक्टर मजिस्ट्रेट को केंद्रों का निरीक्षण करने और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा के दिन सुबह छह बजे तक केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस परिधि में फोटोस्टेट की दुकानें भी बंद रहेंगी। केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित होगा। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
