सीएमओ ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों की पत्रावलियों की समीक्षा की
झांसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय की अध्यक्षता में पीसीपीएनडीटी एक्ट से संबंधित जिला स्तरीय समिति की बैठक सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में अल्ट्रासाउंड केंद्रों से जुड़ी विभिन्न पत्रावलियों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में नए अल्ट्रासाउंड केंद्र खोलने के लिए चार, नवीनीकरण के लिए एक, मशीन इंस्टॉल/विक्रय से संबंधित तीन तथा केंद्र स्थानांतरण व सीटी मशीन अंकन से जुड़ी एक पत्रावली प्रस्तुत की गई। सभी प्रस्तावों का सदस्यों द्वारा गहन परीक्षण किया गया। सीएमओ ने निर्देश दिए कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालक अपने संस्थानों में एक्टिव ट्रैकर अनिवार्य रूप से लगवाएं और पीसीपीएनडीटी एक्ट के नियमों का पूर्ण पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही जनजागरूकता के लिए अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैनर-पोस्टर लगाने और नगर निगम की एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में नोडल अधिकारी डॉ. अंशुमान तिवारी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व समाजसेवी उपस्थित रहे।
