25 नए केंद्र भवनों का लोकार्पण, तीन का शिलान्यास
झांसी। लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस व स्मार्टफोन वितरण किया गया। इसी क्रम में जनपद स्तर पर पं. दीनदयाल सभागार में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, विधायक डॉ. रश्मि आर्या व विधायक जवाहर लाल राजपूत ने नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह राजपूत ने बताया कि जनपद में 343 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। साथ ही 25 नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण तथा तीन नए भवनों का शिलान्यास भी किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ होने से महिला एवं बाल विकास योजनाओं को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन श्रीमती नीति शास्त्री ने किया, जबकि अंत में आभार जिला कार्यक्रम अधिकारी ने व्यक्त किया।
