सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सख्त निर्देश, अवैध पार्किंग व जाम पर कार्रवाई तय
झांसी। मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने सड़क पर अवैध पार्किंग और जाम की समस्या पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों पर वाहनों की पार्किंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि शहर के प्रमुख चौराहों से कम से कम 100 मीटर दूरी पर ही टेम्पो और ई-रिक्शा खड़े किए जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा नियमित चालान और जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर निगम को सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण, रेहड़ी-खोखे हटाने और वाहन मरम्मत दुकानों के बाहर खड़े वाहनों को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। वहीं बस अड्डे के बाहर रोडवेज बसों द्वारा सवारी भरने पर नाराजगी जताते हुए इसे तत्काल बंद कराने को कहा गया। मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों और लिंक सड़कों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रंबल स्ट्रिप और संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लैक स्पॉट्स के सुधार कार्य जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
1 अप्रैल से शुरू होने वाले स्कूली वाहनों के विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने और सभी वाहनों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर सभी विभागो के संबंधित अधिकारी एवं एसोसिएशन के पदअधिकारीगण उपस्थित रहे।
