सीडीओ ने दिए निर्देश, माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य करने पर जोर
झांसी। जनपद में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 10 से 30 अप्रैल तक चलने वाले ‘दस्तक अभियान’ की सफलता को लेकर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता माइक्रोप्लान के अनुरूप कार्य करने पर ही संभव है।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जाए। बड़ागांव, मऊरानीपुर, बंगरा, गुरसराय, बामौर, मोंठ और बबीना जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घरों व आसपास पानी जमा न होने दें तथा साफ-सफाई बनाए रखें। बच्चों को बासी व खुले में रखे खाद्य पदार्थों से दूर रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में नगरीय निकायों को निर्देशित किया गया कि सभी वार्डों में नियमित सफाई, फागिंग और कचरा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई के निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी डॉ. उत्सव राज ने बताया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता रैली, प्रभात फेरी और ग्राम सभाओं के माध्यम से अभियान को गति दी जा रही है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
