पराली जलाये जाने पर चार लोगों के हुए राशन कार्ड निरस्त

झांसी। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशानुसार जनपद मे विगत एक माह से पराली न जलाये जाने के लिए जनजागरूकता अभियान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। वही पराली जलाने की पुष्टि होने पर चार लोगों के राशनकार्ड निरस्त करने की कार्रवाई की गई।

 

अभियान के अन्तर्गत कृषकों को पराली से होने वाले दुष्प्रभावों से जागरूक कर पराली न जलाकर उसका वैकल्पिक प्रयोग करने के बारे में समझाया जा रहा है तथा पराली को भूसे के रूप में निकटवर्ती गौशाला में पहुंचाकर वहां से इसके बदले गौशाला में उपलब्ध गोबर की खाद आदि दिलवाये जाने की व्यवस्था की गयी है। इसके बावजूद जनपद में विगत एक माह में पराली/कूड़ा जलाने की अब तक 57 घटनाओं की जानकारी सैटेलाईट से प्राप्त हुई है, जिसमें पराली जलाने की 31 घटनायें पुष्ट हुई है। पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इन व्यक्तियों को दोषी मानते हुये जुर्माना लगाते हुये सम्बन्धित तहसील द्वारा नोटिस जारी किया गया तथा वसूली की कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गयी है। साथ ही जिन दोषी व्यक्तियों द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लिया जा रहा था, इनकी जांच कराकर अपात्र पाये जाने पर पूर्व में 27 लोगों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी है। इसके बाद शिवेन्द्र प्रताप पुत्र शिशुपाल निवासी ग्राम लोहागढ़, बादाम सिंह पुत्र लच्छीराम ग्राम मबूसा, गनेश पुत्र मातादीन ग्राम करगुवां व जगदीश पुत्र कामता ग्राम सुल्तानपुरा का राशन कार्ड निरस्त करने की संस्तुति की गयी है। साथ ही नियमानुसार अन्य कार्यवाही भी प्रारम्भ कर दी गयी है। कृषकों से पुनः अपील है कि पराली जलाने का कार्य न करें, अन्यथा की स्थिति में कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी, जिसके लिए वह स्वयं उत्तरदायी होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *