70 साल के विकास को आज नीलाम किया जा रहा है: वशिष्ठ

झांसी। किसानों के भारत बंद आंदोलन के समर्थन में शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक शहर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भारत बंद का समर्थन कर किसानों के काले कानून वापस लिए जाने की मांग की गई।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मनीराम कुशवाहा ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मोदी सरकार अपना तानाशाही रवैया अपनाए हुए है। किसानों के 10 माह से अधिक धरने पर बैठने के उपरांत काले कानून वापस नहीं दिए गए। मोदी सरकार देश में किसानों की जमीन को हतयाना चाहती है। किसान देश का अन्नदाता है और वह अपनी मांगों के लिए सड़कों पर बैठा हुआ है। हम किसानों के भारत बंद का समर्थन करते हैं और राष्ट्रपति महोदय से मांग करते हैं कि ऐसी निरंकुश, तानाशाही और प्रजातंत्र विरोधी सरकार को हटाकर देश में जनता के राज की स्थापना करें। कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि हमारा देश आज गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है जहां एक ओर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देश के किसान अन्नदाता सड़कों पर बैठकर काले कानून वापस दिए जाने की मांग कर रहे हैं। आज महंगाई चरम सीमा पर है, फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं, युवा बेरोजगार हो रहे हैं, मजदूर दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। कांग्रेस के 70 साल के विकास को आज नीलाम किया जा रहा है। जनता देख रही है और आने वाले 2022 के चुनाव में इसका जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *