मध्य प्रदेश समेत भारत के पांचों राज्यों में होगी भाजपा की ऐतिहासिक जीत : स्वतंत्रदेव सिंह
भगवान कामतानाथ के दर्शन कर जल शक्ति मंत्री ने मांगा जीत का आर्शीवाद
चित्रकूट (रतन पटेल)। भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के दौर पर आये उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी आदि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मनोकामनाओं के पूरक भगवान कामतानाथ के दर्शन-पूजन कर कामदगिरि पर्वत की पंचकोसी परिक्रमा लगाई। इस दौरान मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने को अग्रसर है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने से देश की आधी आबादी को सत्ता में समुचित भागीदारी मिलेगी।उन्होेने दावा किया कि मध्य प्रदेश समेत 5 राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का कमल खिलेगा।
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रभारी एवं यूपी सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को धर्म नगरी चित्रकूट पहुंच जीत की कामना को लेकर पार्टी के जिलाध्यक्ष लव कुश चतुर्वेदी,वरिष्ठ नेता आनंद प्रताप सिंह,अरविद कुमार मिश्रा,ब्रजेश पांडेय,सुरेश अनुरागी,रोहिल अग्रवाल,रामेंद्र गौतम आदि दर्जनों पार्टी नेताओं के साथ मनोकामनाओं के पूरक भगवान श्री कामतानाथ के दर्शन-पूजन किया।साथ ही प्रधान पुजारी भरत शरण दास महाराज का आर्शीवाद लेने के बाद कामदगिरि पर्वत की पंचकोसी परिक्रमा लगाई।इसके बाद बरहा के सुप्रसिद्ध हनुमान मंदिर में आरती पूजन करने के बाद सुंदरकांड का पाठ किया।
परिक्रमा के बाद विशेष वार्ता में मध्य प्रदेश चुनाव के प्रभारी एवं योगी सरकार के जल शक्ति मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पूरे भारत ही नहीं विश्व में पीएम मोदी का डंका बज रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत का सम्मान बढा है। भारत राम राज्य की स्थापना के साथ-साथ विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। मंत्री श्री सिंह ने दावा किया कि मध्य प्रदेश समेत देश के पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। सभी प्रदेशों में जनता का अभूतपूर्व समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। सतना जिले में उन्होंनें बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करके चुनावी जीत की रणनीति बनाई जा चुकी है। बताया कि डबल इंजन की सरकार से जनता को दोहरे विकास का लाभ मिल रहा है।जनता को मोदी पर विश्वास है और इसी वजह से हर प्रदेश में कमल खिलेगा।