आश्रम की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि पिछले दो दिनों से प्रेमानंद महाराज की नियमित पदयात्रा और भक्तों से मुलाकात पहले ही स्थगित कर दी गई थी। अब स्वास्थ्य को देखते हुए इसे अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है। सोशल मीडिया के जरिए भी भक्तों से अपील की गई है कि फिलहाल दर्शन के लिए वृंदावन न आएं और महाराज के स्वास्थ्य लाभ एवं साधना में सहयोग करें।
जानकारी के मुताबिक प्रेमानंद महाराज लंबे समय से गंभीर किडनी बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनी प्रभावित हैं और डॉक्टरों की निगरानी में नियमित डायलिसिस किया जाता है। हाल ही में हुए डायलिसिस के बाद उनके शरीर में काफी कमजोरी महसूस की गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें पूर्ण बेड रेस्ट की सलाह दी। इसी कारण उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों और भक्तों से मिलने पर विराम लगाने का फैसला लिया।
हालांकि खराब स्वास्थ्य के बावजूद प्रेमानंद महाराज लगातार कठिन दिनचर्या का पालन करते हुए भक्तों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन दे रहे थे। उनकी देर रात होने वाली पदयात्रा और सत्संग में हजारों श्रद्धालु शामिल होते थे। अब अचानक मौन व्रत और दर्शन बंद होने की खबर से भक्त भावुक और चिंतित नजर आ रहे हैं।
वृंदावन पहुंच रहे श्रद्धालु आश्रम के बाहर माथा टेककर वापस लौट रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर देश-दुनिया से लोग प्रेमानंद महाराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
