संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर गांव में आधी रात घर में घुसे हमलावरों ने एक विधवा महिला को कथित तौर पर डीजल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत से पहले महिला का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने गांव के ही दो लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर गांव निवासी 45 वर्षीय अनेकश्री अपने 15 वर्षीय बेटे के साथ घर में सो रही थीं। आरोप है कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब साढ़े तीन बजे गांव के ही दो लोग दीवार फांदकर घर में घुस आए। परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने महिला को जबरन एक खाली कमरे में खींच लिया और विरोध करने पर उसके मुंह पर गमछा बांध दिया। इसके बाद उस पर डीजल डालकर आग लगा दी गई।
आग लगते ही महिला दर्द से चीखने लगी। चीख-पुकार सुनकर पास में सो रहा उसका बेटा जाग गया और शोर मचाने लगा। बेटे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया।
महिला को पहले अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर महिला का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह गांव के दो लोगों के नाम लेते हुए उन पर डीजल डालकर आग लगाने का आरोप लगा रही है। पुलिस ने महिला के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
संभल के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आग लगने की परिस्थितियों और घटना के पीछे की वजह की जांच की जा रही है।
