परिजनों के अनुसार विशाल गांव काजीवाला निवासी वसीम के साथ कश्मीर में सैलून पर काम करने गया था। आरोप है कि 15 मई को गांदरबल जिले की एक मस्जिद में उसका कलमा पढ़वाया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कथित तौर पर मौलवी विशाल को कलमा पढ़वाते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद उसका नया नाम ‘मोहम्मद हमजा’ बताया गया।
पिता कृष्ण कुमार का कहना है कि वीडियो देखने के बाद उन्होंने बेटे से फोन पर बात की। आरोप है कि विशाल ने साफ कहा कि वह अब हिंदू धर्म में वापस नहीं आएगा। परिवार का दावा है कि उस पर दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन कराया गया है। बताया जा रहा है कि विशाल पहले श्रीनगर में काम करता था और पिछले डेढ़ साल से कुपवाड़ा इलाके में रह रहा था।
परिवार ने यह भी बताया कि विशाल कुछ दिन पहले गांव आया था और शादी के लिए भी तैयार हो गया था। लड़की देखने के बाद वह वापस कश्मीर चला गया, लेकिन बाद में फोन पर शादी से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया था। वह घर पैसे भेजना बंद कर चुका था और फोन पर परिवार से झगड़ा भी करने लगा था।
मामले में पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी गई है। बिजनौर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है और वायरल वीडियो सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
