निर्बाध आपूर्ति और कम वोल्टेज की समस्या दूर कराने की मांग
झांसी। बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जनपद में लगातार हो रही बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या को लेकर जिलाधिकारी को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अघोषित कटौती से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि बबीना विधानसभा क्षेत्र सहित जनपद के कई इलाकों में शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। इसके चलते किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर कम वोल्टेज की समस्या के कारण घरेलू विद्युत उपकरण भी खराब हो रहे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि विद्युत विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी फोन तक रिसीव नहीं कर रहे हैं, जिससे समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा।
विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जिलाधिकारी से मांग की कि संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही कम वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कर जनसामान्य को राहत दिलाई जाए।
