घटना कबरई कोतवाली क्षेत्र के डहर्रा गांव स्थित पहाड़ी खदान की है। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी भीष्म सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक भीष्म रोज की तरह रविवार सुबह करीब 3 बजे काम पर निकले थे। वह ट्रक चलाकर खदान से पत्थर ढुलाई का काम करते थे।
बताया जा रहा है कि खदान क्षेत्र में ट्रक ले जाते समय अचानक वाहन की सापट टूट गई, जिससे ट्रक पर से चालक का नियंत्रण खत्म हो गया। देखते ही देखते ट्रक गहरी खदान में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद अन्य चालकों और मजदूरों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद भीष्म सिंह को क्षतिग्रस्त ट्रक से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
भीष्म सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी मौत के बाद पत्नी अनीता और तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में 6 वर्षीय नितेश, 3 वर्षीय नित्या और 1 वर्षीय नीरज अब पिता के साए से वंचित हो गए हैं।
मृतक के पिता रामचरण ने बताया कि भीष्म ही घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में एक बेटी की शादी भी होनी है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि बच्चों और परिवार का भविष्य संभल सके।हादसे के बाद गांव और इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
