270 कार्मिक मतगणना को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराएंगे सपन्न
झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार 27 अक्टूबर को बुंदेलखंड महाविद्यालय (बीकेडी) में मतगणना होगी। 14 टेबल पर होने वाली मतगणना में कुल 270 कार्मिक मतगणना को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतगणना स्थल को सुरक्षा की दृष्टि से अभेद किले में तब्दील किया गया है।
सोमवार को बीकेडी में रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे ने माइक्रो ऑब्जर्वर, गणना सुपरवाइजर और गणना सहायकों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन का महत्वपूर्ण चरण मतगणना है, इसलिए सभी कार्मिक पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी स्तर पर शंका होने पर तत्काल उसका समाधान कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि मतपेटिकाओं की सील पहले गणना एजेंटों को दिखाई जाए और प्रमाणपत्र पर उनके हस्ताक्षर कराए जाएं। इसके बाद मतपत्र निकालकर उनकी संख्या की गणना कर फार्म-16 से मिलान किया जाए। मतपेटी खाली होने की पुष्टि भी गणना एजेंटों को कराई जाए।
मतपत्रों की मिक्सिंग के बाद अवैध मतपत्रों को एजेंटों को दिखाकर रिटर्निंग ऑफिसर की टेबल पर भेजा जाएगा। वैध मतपत्रों को प्रथम वरीयता के आधार पर प्रत्याशीवार अलग-अलग ट्रे में रखा जाएगा। मतपत्रों की वरीयता भी एजेंटों को दिखाई जाएगी। किसी एजेंट द्वारा पुनर्गणना की मांग किए जाने पर उसकी संतुष्टि के लिए पुनर्गणना कराई जाएगी।
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि मतगणना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को पुरस्कृत किया जाएगा। मतगणना 14 टेबल पर होगी और प्रत्येक टेबल पर चार कार्मिक तैनात रहेंगे। कुल 270 कार्मिक, रिजर्व सहित, मतगणना में लगाए गए हैं। मतगणना तीन पालियों में होगी।
मतगणना परिसर को पूर्णतः नो स्मोकिंग जोन घोषित किया गया है। किसी भी ज्वलनशील या अन्य प्रतिबंधित वस्तु को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस दौरान एसएसपी विकास कुमार समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
