सहयोगी फरार,पुलिस तलाश में जुटी
झांसी। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रेमनगर पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खेलने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन, 500 क्वाइन्स तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। वहीं आरोपी के तीन अन्य साथी फरार हो गए हैं। जिन्हें पुलिस तलाश करने में जुटी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह, पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 मई 2026 को थाना प्रेमनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोविंद नगर हंसारी निवासी सोहन यादव उर्फ सोनू पुत्र उद्धम सिंह यादव उम्र करीब 38 वर्ष को न्यू गोविंद नगर स्थित बंगरिया से श्रीनगर जाने वाले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जांच में मोबाइल पर EVENT-SGP.BIDDER.KAYZEN.IO, PARIMATCH.COM, TVSPRO99.COM और PIXO7.CO वेबसाइटों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलना पाया गया। आरोपी के ऑनलाइन वॉलेट में 500 क्वाइन्स भी मिले।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एजेंट के रूप में काम करता था और शिवम राय, मौन्टी झां व जगवीर उर्फ जम्मी परिहार के माध्यम से सट्टा खिलवाता था। पैसों का लेनदेन भी इन्हीं लोगों के जरिए किया जाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 182/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम व 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार सह अभियुक्तों की तलाश जारी है।
