एडीएम व एसपी सिटी ने परखी व्यवस्थाएं
झांसी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित पीजीटी-2022 लिखित परीक्षा के पहले दिन शनिवार को प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को परीक्षा दो पालियों में नगर के छह परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि प्रथम पाली में 2117 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 815 उपस्थित और 1302 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 1875 अभ्यर्थियों में से 684 उपस्थित हुए, जबकि 1191 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने आयोग के प्रेक्षक अखिलेश मिश्रा के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कमांड कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डिंग, पेयजल, बिजली, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कक्षाओं की लाइव रिकॉर्डिंग भी देखी और सुरक्षा इंतजामों को परखा। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने स्पष्ट कहा कि नकल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए गए कि परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का गहन सत्यापन किया जाए। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं से ही कराने के निर्देश दिए गए।
सूरज प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज समेत सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर परीक्षा की सुचिता बनाए रखी। एडीएम ने परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को बधाई दी। इस दौरान डीआईओएस रती वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
