खेत में पड़ी मिली शराब की केन व नमकीन के पैकेट ,साक्ष्य मिटाने को जलाया शव
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में उल्दन थाना क्षेत्र के बंगरा स्थित पठाकरका के माते खिरक और चौकरी के बीच सूखे नाले में बुन्देली लोक गायिका लाड़ कुँवर उर्फ लवली का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह खेतों की ओर जा रहे किसानों ने सूखे नाले में महिला का बुरी तरह जला और क्षत-विक्षत शव देखा। शव के आसपास हाथ-पैर अलग पड़े थे, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। देर रात शिनाख्त के बाद किसी अनहोनी के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।

सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीत सिंह, क्षेत्राधिकारी टहरौली आसमा वकार सहित कई थानों की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया गया।
मृतका की पहचान बंगरा निवासी मोहनलाल कुशवाहा ने पायल, अंगूठी, साड़ी और चप्पलों के आधार पर लाड़ कुँवर के रूप में की। परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 बजे लाड़ कुँवर के मोबाइल पर एक कॉल आई थी। वह फोन पर बात करते हुए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह जले शव की सूचना मिलने के बाद देर रात परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
घटनास्थल से शराब की बोतलें, बियर कैन, नमकीन के पैकेट और एक जला हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है। खेत की तारों में लाल साड़ी का टुकड़ा और दुपट्टा फंसा मिला, जबकि पास में महिला की चप्पल भी पड़ी थी। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग उसे वहां लेकर आए और शराब पार्टी के दौरान किसी अनहोनी के बाद उसकी हत्या कर शव को जला दिया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
बताया गया कि लाड़ कुँवर बुन्देली लोकगीत गायिका थी और कार्यक्रमों के सिलसिले में अक्सर बाहर जाती रहती थी। वहीं, उस पर वर्ष 2022 में हत्या का मामला भी दर्ज हुआ था, जिसमें वह करीब दो वर्ष जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आई थी।
इनका है कहना
फिलहाल पुलिस अधीक्षक नगर ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है।
