झांसी। रेलवे स्टेशन और उसके आसपास चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी, आरपीएफ और डिटेक्टिव विंग की संयुक्त टीम ने हरियाणा से लाई गई 14 बोतल शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस शराब को झांसी में बेचने की तैयारी कर रहा था।
गुरुवार दोपहर करीब एक बजे रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और रेलवे परिसर में अवैध शराब, मादक पदार्थों तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त टीम सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान चित्रा चौराहा की ओर जाने वाले फुटपाथ के पास रेलवे क्षेत्र में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया।
पुलिस टीम को देखते ही युवक ने वहां से निकलने की कोशिश की, जिससे उस पर शक गहरा गया। जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान उसके कब्जे से हरियाणा निर्मित शराब की 14 बोतलें बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रानू वर्मा उर्फ हेमंत कुमार, निवासी थाना शहर कोतवाली, जनपद झांसी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह शराब हरियाणा से लेकर आया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की सप्लाई कहां होनी थी और इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बरामद शराब को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेलवे परिसर में लगातार चल रहा अभियान
एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी, आरपीएफ और डिटेक्टिव विंग की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर का इस्तेमाल तस्करी या किसी भी अवैध कारोबार के लिए करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
