आरोपियों से रिवाल्वर, तमंचे व भारी मात्रा में कारतूस, लाखों की नकदी और मोबाइल बरामद
झांसी। महानगर के थाना सीपरी बाजार पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में देशी हथियार, कारतूस, लाखों रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी आपस में मकान मालिक और किराएदार बताए जा रहे हैं।

जानकारी देते हुए एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि देर रात लहर की देवी मंदिर मार्ग स्थित एसआईसी स्कूल मैदान के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर घेराबंदी की गई। इस दौरान तीन युवकों को पकड़कर तलाशी ली गई। उनके पास से एक रिवॉल्वर, 315 और 312 बोर के दो अधबने तमंचे, 66 जिंदा कारतूस और 56 खोखा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा 2 लाख 87 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन तथा सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध असलहा खरीदने और बेचने का काम करते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी ग्राहक को हथियार सप्लाई करने के इंतजार में वहां खड़े थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बोबी उर्फ संत, विवेक कुमार चौहान और मुकेश श्रीवास के रूप में हुई है। तीनों जर्मनी अस्पताल के पास सीपरी बाजार क्षेत्र में रहते हैं।
जांच में सामने आया कि बरामद जेवरात भी अवैध असलहा तस्करी से कमाए गए पैसों से खरीदे गए थे। पुलिस को पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि हथियार कहां से लाए जाते थे और किन लोगों को सप्लाई किए जाते थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
सीपरी बाजार थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
