ललितपुर । ललितपुर में सोमवार सुबह एनएच-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोतवाली सदर क्षेत्र के सुरई घाट के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, खिरकापुरा निवासी 35 वर्षीय दिनेश उर्फ टिंकू कुशवाहा अपने 45 वर्षीय साथी जितेंद्र अहिरवार के साथ खेत से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दिनेश सड़क पर गिर गए और वाहन उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनका शरीर दो हिस्सों में बंट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जितेंद्र अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।
