झांसी। झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक करीब 85 प्रतिशत जमीन की खरीद पूरी हो चुकी है। शेष 164 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण 15 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर से तैयार किए जा रहे 106.3 किलोमीटर लंबे झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे से झांसी के अंबावाय को उरई स्थित बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। छह लेन वाले इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा। परियोजना का निर्माण दो पैकेज में होगा और इसकी अनुमानित लागत 5,001.74 करोड़ रुपये है। इसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
परियोजना पूरी होने के बाद झांसी को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर और बुंदेलखंड औद्योगिक विकास क्षेत्र (बीडा) से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पल्लवी मिश्रा ने बताया कि परियोजना के लिए जिले में कुल 1,124.11 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। जून में शुरू हुई प्रक्रिया के तहत अब तक 960 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। प्रशासन का दावा है कि अगले 10 दिनों में शत-प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा कर लिया जाएगा।
तहसीलवार भूमि अधिग्रहण की स्थिति
गरौठा: लक्ष्य 284.23 हेक्टेयर, अधिग्रहण 242.30 हेक्टेयर
टहरौली: लक्ष्य 139.04 हेक्टेयर, अधिग्रहण 123.20 हेक्टेयर
मोंठ: लक्ष्य 479.42 हेक्टेयर, अधिग्रहण 395.40 हेक्टेयर
सदर: लक्ष्य 221.40 हेक्टेयर, अधिग्रहण 199.10 हेक्टेयर
(सभी आंकड़े हेक्टेयर में हैं।)
