छतरपुर से झांसी जाते समय बस से दो बैग चोरी होने का आरोप, संदिग्ध चार पहिया वाहन के नंबर से सुराग तलाश रही पुलिस
झांसी। मऊरानीपुर में सर्राफा व्यापारी के दो बैग चोरी होने की बड़ी वारदात सामने आई है। व्यापारी ने बैग में करीब पांच करोड़ रुपये की ज्वेलरी और 15 लाख रुपये नकद रखे होने का दावा किया है। घटना की खबर फैलते ही सर्राफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्ध वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, अमृतसर निवासी सर्राफा व्यापारी कीरत सिंह अपने साथी रामेश्वर के साथ छतरपुर से झांसी जा रहे थे। इसी दौरान मऊरानीपुर में बस से उनके दो बैग चोरी होने का आरोप है। पीड़ित व्यापारी के मुताबिक, बैग में करीब पांच करोड़ रुपये कीमत की ज्वेलरी और 15 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। व्यापारी के साथी ने बताया कि बैग लेकर कुछ युवक चार पहिया वाहन से मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटनाक्रम की पड़ताल करने के साथ ही संदिग्ध वाहन के नंबर के आधार पर सुराग जुटा रही है। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर रत्नेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार जांच में जुटी हैं। प्रारंभिक जांच के दौरान मध्य प्रदेश के अलीपुर टोल प्लाजा के पास से एक संदिग्ध चार पहिया वाहन का नंबर मिला है। इस नंबर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किए जाने की बात कही।
उधर, करोड़ों की ज्वेलरी चोरी होने के आरोप से सर्राफा कारोबारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द वारदात का खुलासा कर चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है।
