झांसी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के तहत झांसी महानगर में मैराथन बैठकों का आयोजन किया गया तथा प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने एवं कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से झांसी महानगर के मंडलों के लिए पैरामेडिकल कॉलेज में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 30 व 31 मार्च को झांसी विधानसभा क्षेत्र में तथा 1 व 2 अप्रैल को बबीना विधानसभा क्षेत्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, भाजपा की विचारधारा, केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण वर्ग में अनुभवी वक्ता विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों व जनसंपर्क अभियानों के लिए तैयार किया जाएगा। यह अभियान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में मंडल व बूथ स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पार्टी से जुड़े जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
इस मौके पर पूर्व जिला महामंत्री नंदकिशोर भिलवारे, जिला महामंत्री विकास कुशवाहा, महामंत्री विनोद नायक, अरविंद राजपूत, उपाध्यक्ष रानू देवालिया, देवेंद्र दुबे, ओम बिहारी भार्गव, मीनू राजावत, अमित जादौन, रोहित गोठनकर, मंगल श्रीवास्तव, विनीत खटीक, अंकित राजा यादव, प्रदीप खटीक, भूपेंद्र सिंह, धीरज गोस्वामी, जिला मीडिया प्रभारी प्रियांशु डे, अभिषेक जैन, सुरेंद्र पाल, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र अहिरवार, शुभम बनर्जी, हरिकिशन, दिव्यांश पाखरे, रवि राजपूत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
