मामला सिसोलर थाना क्षेत्र के ग्राम बक्छा का है, जहां ग्राम प्रधान जगतपाल सिंह ब्लॉक कार्यालय से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति ने उन्हें घेर लिया और आवास योजना में लाभ न मिलने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ते ही उसने सरपंच पर हमला कर दिया और उन्हें दौड़ाकर पीटा।
इस दौरान जब सरपंच के साथ मौजूद रिश्तेदार बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। किसी तरह जान बचाकर सरपंच मौके से निकले और सीओ मौदहा के पास पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित सरपंच ने आरोप लगाया कि हमलावर ने न सिर्फ धमकी दी बल्कि 1.20 लाख रुपये की मांग भी की। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही वह पहले जिला बदर भी रह चुका है।
पुलिस ने सरपंच की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि ग्राम प्रधान का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते कई ग्रामीणों में योजनाओं को लेकर असंतोष भी देखने को मिल रहा है।
