नई दिल्ली। एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड (एलजीई इंडिया) ने लगातार तीसरे वर्ष प्रतिष्ठित ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क® सर्टिफिकेशन™’ हासिल किया है। यह मान्यता कंपनी की कर्मचारी-केंद्रित कार्यसंस्कृति, आपसी विश्वास और कर्मचारियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
वैश्विक संस्था ग्रेट प्लेस टू वर्क® ने यह सर्टिफिकेशन कर्मचारियों के फीडबैक और कार्यस्थल की संस्कृति के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया है। इसके लिए ट्रस्ट इंडेक्स™ सर्वे का इस्तेमाल किया गया, जिसमें कर्मचारियों के दृष्टिकोण, संगठन के प्रति उनके विश्वास, जुड़ाव और रोजमर्रा के कार्य अनुभव को प्रमुखता दी गई। कंपनी को पहली बार वर्ष 2023 में यह मान्यता मिली थी।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के प्रबंध निदेशक होंग जू जियोन ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष यह सर्टिफिकेशन हासिल करना कंपनी की प्रगतिशील मानव संसाधन नीतियों और कर्मचारी कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और दीर्घकालिक लक्ष्यों की प्राप्ति में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जियोन के अनुसार, विश्वास, सम्मान और सहयोग पर आधारित कार्यसंस्कृति कर्मचारियों को अपनी क्षमता का पूरा उपयोग करने और बेहतर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि कंपनी कर्मचारियों की बात सुनने और ऐसा कार्यस्थल विकसित करने पर लगातार ध्यान दे रही है, जहां व्यक्तिगत विकास और संगठन की प्रगति साथ-साथ आगे बढ़ें।
ग्रेट प्लेस टू वर्क इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष अनुराग गुप्ता ने एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि लगातार तीसरे वर्ष सर्टिफिकेशन मिलना कंपनी की ‘पीपल-फर्स्ट’ कार्यसंस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि एलजीई इंडिया ने ऐसी संस्कृति विकसित की है, जिसमें कर्मचारियों को सम्मान और स्वीकार्यता मिलती है तथा वे अपनी वास्तविक पहचान के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित होते हैं। गुप्ता के मुताबिक, ऐसा कार्यस्थल तैयार करना, जहां सांस्कृतिक सामंजस्य और व्यक्तिगत विशिष्टता दोनों को बढ़ावा मिले, संगठन में गहरे विश्वास और संवेदनशील नेतृत्व का परिचायक है।
एलजीई इंडिया ने वर्ष 2023 में प्रबंध निदेशक होंग जू जियोन और मुख्य मानव संसाधन अधिकारी (सीएचओ) ज्वा नाम किम के नेतृत्व में ग्रेट प्लेस टू वर्क की दिशा में अपनी पहल शुरू की थी। इसके बाद से कंपनी कर्मचारियों के फीडबैक, जन-केंद्रित पहलों और परिवारों की भागीदारी को बढ़ावा देने पर लगातार काम कर रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां कर्मचारी संगठन से जुड़ाव महसूस करें और उन्हें अपने पेशेवर विकास के लिए पर्याप्त अवसर एवं सहयोग मिले।
कंपनी के अनुसार, कर्मचारियों और कार्यसंस्कृति में निवेश उसकी दीर्घकालिक विकास रणनीति का अहम हिस्सा है। देश में अपनी उपस्थिति मजबूत करने और कारोबारी लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के साथ एलजीई इंडिया कार्यस्थल को अधिक सहयोगात्मक और समावेशी बनाने पर जोर दे रही है।
इसके अतिरिक्त, कंपनी को हाल ही में वर्ल्ड एचआरडी कांग्रेस में ‘नेशनल बेस्ट एम्प्लॉयर ब्रांड’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, एशिया पैसिफिक एचआरएम कांग्रेस अवार्ड में उसे ‘टॉप ऑर्गनाइजेशन विद इनोवेटिव एचआर प्रैक्टिसेज’ के रूप में मान्यता मिली।
कंपनी के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी ज्वा नाम किम को भी मानव संसाधन क्षेत्र में नेतृत्व और कार्यस्थल पर सकारात्मक बदलावों को बढ़ावा देने के लिए ‘मोस्ट इम्पैक्टफुल एचआर लीडर अवार्ड’ तथा ‘टॉप एचआर आइकॉनिक लीडर’ सम्मान प्रदान किए गए। ये उपलब्धियां कंपनी की मानव संसाधन रणनीति और कर्मचारी विकास पर केंद्रित पहलों को रेखांकित करती हैं।
