कृषि कानून पर छाती पीटने वालों ने किसानों को कुछ नहीं दिया
झाँसी : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो आज किसानों के हित में आए कृषि बिलों पर छाती पीट रहे हैं। उन्होंने अपने शासन काल में किसानों के लिए कुछ भी नहीं किया। अब राजनीति की रोटियां सेंक रहे हैं। उन्होंने कहा कि 4 जून तक गेहूं क्रय का 85 प्रतिशत किसानों का भुगतान किया जा चुका है। वह रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
कृषि मंत्री ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकारें किसानों के हित में काम कर रही हैं। झाँसी मंडल में 4 जून तक 45 हजार से अधिक किसानों से गेहू खरीद की जा चुकी है। इनमें से 85 प्रतिशत किसानों को भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने नाम न लेते हुए कांग्रेस पर तीखी टिप्पणी की। कहा कि कृषि कानून को लेकर जो छाती पीट रहे हैं, उन्होंने अपने शासन काल में किसानों को कुछ भी नहीं किया है।
इससे पूर्व उन्होंने विधायकों व अधिकारियों के साथ गेहूं क्रय को लेकर समीक्षा की। बताया कि अब तक मंडल में 45 हजार 131 किसानों से 2 लाख 11 हजार 783 मेट्रिक टन गेहू खरीद हुई है। इसका 418 करोड़ 27 लाख रुपया एमएसपी के आधार पर बना है। इसमें 354 करोड़ 50 लाख रुपए का किसानों के खातों में भुगतान किया जा चुका है। शेष भुगतान बाकी है, जिसे शीघ्र किया जायेगा। इस प्रकार 85 प्रतिशत किसानों को भुगतान किया जा चुका है।