महोबा से खजुराहो के बीच 110 की स्पीड से चलेगी ट्रेन
रेल संरक्षा आयुक्त ने दी परमीशन
महोबा : रेल संरक्षा आयुक्त ने गुरुवार को महोबा-खजुराहो-ललितपुर ट्रैक के विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। केवल 26 मिनट में सुपरफास्ट स्पीड से खजुराहो से महोबा तक ट्रैन आई। आयुक्त का परमीशन लेटर डीआरएम को प्रेषित किया गया। अगले सप्ताह तक खजुराहो मार्ग में विद्युत चालित ट्रेनों का संचालन शुरू होने की संभावना है।
अगस्त के प्रथम सप्ताह में ही कानपुर से खजुराहो मेमू ट्रेन का संचालन शुरू होने की उम्मीद। इस प्रयास के साथ ही महोबा एवं खजुराहो के पर्यटन को भी चार चाँद लगने की पूरी उम्मीद की जा रही है।
चंदेल कालीन नगर महोबा एवं खजुराहो दोनों ही नगर पुरातन इतिहास से जुड़े हुए ऐतिहासिक नगर रहे हैं। इनके बीच आवागमन के सहज साधन उपलब्ध न होने के कारण नगरों का यथा उचित पर्यटन विकास नहीं हो पाया। देश के पर्यटन में दोनों ही नगरों का बहुत महत्त्व रहा है।
रेलवे ट्रैक के शुरुआत से ही दोनों नगरों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद हमेशा से की जाती रही है। रेलवे द्वारा भी इस दूरगामी सम्भावनाओं को देखते हुए समय-समय पर सम्बंधित ट्रैक के आधुनिकीकरण के प्रयास किए जाते रहे हैं। विद्युतीकरण सम्बंधित कार्य का पूर्ण होना भी दोनों जिलों के विकास को निश्चित ही यथासंभव गति प्रदान करेगा।