भारतीय जनता पार्टी महोबा जिला कार्यसमिति बैठक संपन्न
महोबा : भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार महोबा कार्यालय में जिला कार्यसमिति बैठक संपन्न हुई। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पार्टी के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष इंद्रपाल पटेल उपस्थित रहे। बैठक जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर की अध्यक्षता में हुई। बैठक तीन सत्रों में संपन्न हुई।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि इंद्रपाल पटेल ने अपने उद्बोधन में बताया कि भाजपा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना संकट के समय महामारी से लड़ने के लिए उचित कदम उठाए। पीएम केयर्स फंड से एक लाख से अधिक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदे गए। महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को मासिक वजीफा, बीमा और 10 लाख रुपए (23 वर्ष की आयु मे) प्रदान करने के लिए प्रावधान किया गया। डेढ़ लाख ऑक्सीजन सिलेंडर खरीद की मंजूरी दी गई। देशभर के अस्पतालों में 50,000 वेंटिलेटर वितरित किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के 150 देशों के बीच उन कुछ देशों में शामिल हो गया, जिन्होंने पहले टीके का निर्माण किया और स्वीकृति प्राप्त की। सेवा ही संगठन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर जो सहयोग महामारी के समय प्रदान किया, वह सराहनीय है।
द्वितीय सत्र में जिला अध्यक्ष ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 15 जुलाई से 15 सितंबर तक प्रदेश स्तर से लेकर बूथ तक के कार्यक्रमों की जानकारी दी। आगामी सप्ताह में मंडल कार्यसमिति बैठक, टीकाकरण अभियान, स्वास्थ्य स्वयंसेवक योजना, गुरु पूर्णिमा में गुरुओं का सम्मान, प्रधानमंत्री के मन की बात, प्रधान बीटीसी जिला पंचायत सदस्य अभिनंदन, ब्लॉक एवं पंचायत अध्यक्ष अभिनंदन, गरीब कल्याण वितरण योजना, बूथ समिति सत्यापन एवं मतदाता सूची कार्यक्रम प्रदेश संगठन द्वारा तय किए गए।
समापन सत्र में नवनिर्वाचित जिला पंचायत जयप्रकाश अनुरागी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की जीत निश्चित तौर पर देवतुल्य कार्यकर्ताओं की जीत है। मोदी सरकार एवं योगी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता को मिल रहा है। पूरी निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ पारदर्शिता रखते हुए पात्र व्यक्ति को ही योजनाओं का पूर्ण लाभ मिल रहा है। इसमें मुख्य योजनाएं मुख्यमंत्री बाल योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुफ्त कोचिंग अभ्युदय योजना, वृद्ध अवस्था किसान पेंशन योजना आदि हैं।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कॉपरेटिव बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉक्टर कमलेश सक्सेना, संतोष चौरसिया, प्रीतम सिंह किसान, समस्त जिला कार्यकारिणी, समस्त मंडल अध्यक्ष, समस्त मंडल प्रभारी, मोर्चों के अध्यक्ष, सम्मानित कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित रहे, सफल संचालन जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता ने किया।