भाजपा कर रही लोकतंत्र की हत्या का प्रयास : डा. चन्द्रपाल सिंह
बोले- अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की घोषणा होते ही करा दिया फर्जी मुकदमा
दूसरे दलों के सदस्यों के समर्थन से जिला अध्यक्ष पद पर सपा का परचम लहराएंगे
झाँसी : भारतीय जनता पार्टी प्रशासन का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास कर रही है। समाजवादियों पर झूठे मुक़दमे लिखवाने की भय दिखाया जा रहा है। परन्तु हम समाजवादी डरने वाले नहीं हैं। सपा ने उम्मीदवार घोषित कर दिया है। शनिवार को नामांकन है और 3 जुलाई को सपा का ही जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगा। ऐसा हमें भरोसा है। ये कहना है सपा के पूर्व राज्यसभा सांसद डा. चन्द्रपाल सिंह यादव का। वह शुक्रवार को एक स्थानीय होटल में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर होने वाले चुनावों को लेकर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव की तिथि तय हो चुकी है। 26 जून को नामांकन शुरु हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने अपना उम्मीदवार 14 नम्बर वार्ड बंगरा धवा की सदस्य आशा कमल गौतम को घोषित कर दिया है। शुक्रवार को सपा उम्मीदवार का नामांकन भी किया जा रहा है। इससे पूर्व ही सपा उम्मीदवार व उनके पति पर कटेरा थाने में मुकदमा दर्ज हो गया है।
पूर्व राज्यसभा सांसद व कद्दावर सपा नेता डॉ चंद्रपाल सिंह यादव ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा की अधिकृत उम्मीदवार घोषित होते ही सत्ताधारियों ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। पूर्व सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग डरते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हमारे 8 सदस्यों और 6 दूसरे दलों के सदस्यों के समर्थन से वह जिला अध्यक्ष पद पर सपा का परचम लहराएंगे।
सपा प्रत्याशी आशा कमल गौतम पर फर्जी मुकदमा दर्ज
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के नतीजों से भाजपा घबराई हुई है। सदस्य पद के चुनाव के बाद अध्यक्ष का चुनाव जानबूझकर टाला गया। पूरे प्रदेश में भाजपा का मुकाबला सीधे समाजवादी पार्टी से है। आशा कमल गौतम को दबाव में लेने के लिए वंश भारत गैस एजेंसी कटेरा पर छापा डलवाया गया। कोई कमी न मिलने के बाद भी धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया है। उन्होंने कहा इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं, हमारा उम्मीदवार मैदान में है और हम जीत दर्ज करेंगे।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर पूर्व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह, पूर्व एमएलसी श्यामसुंदर सिंह, एमएलसी रमा निरंजन, पूर्व एमएलसी तिलक चन्द्र अहिरवार, जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, राकेश पाल, शकील खान, आरिफ खान के साथ ही पार्टी के आठ जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।