रंजिशन दूधिए को मारी गोली, घायल

झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवारों ने रंजिशन एक दूधिया को गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हमलावर वहां से भाग निकले। दूधिया को घायलावस्था में उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है। एसपी सिटी ने इसे पुरानी रंजिश का मामला बताया है।

सीमा से सटे मध्य प्रदेश के जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम नुनवहा निवासी दूधिया आलोक यादव हमेशा की तरह सोमवार की सुबह दूध लेकर मोटरसाइकिल से झांसी की ओर आ रहा था। जब वह रक्सा के ग्राम डगरवाहा के पास पहुंचा तभी तीन बाइकों पर सवार दबंगों ने रंजिश के चलते उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां अफरा-तफरी मच गई। वहीं पीठ में गोली लगने से आलोक यादव बाइक से नीचे गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायल आलोक के रिश्तेदार सत्येंद्र ने बताया कि आरोपी गणों की तरफ से कुछ महीने पहले हत्या की घटना अंजाम दी गई थी। इस घटना में आलोक का भाई रामेश्वर गवाह है। आरोपितों ने रामेश्वर को गवाही देने से मना करते हुए नहीं मानने पर गोली मारने की धमकी दी थी । हालांकि रामेश्वर तो बच गया लेकिन इसी के चलते आज सुबह आलोक को गोली मारी गई है। इस मामले में एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि घायल का उपचार चल रहा है,वही पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही पूरा सच सामने आ जाएगा। फिलहाल मामला रंजिश का बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *