70 साल पर गरीब हितैषी 09 वर्ष भारी : राजीव सिंह

प्रधानमंत्री के सेवा,सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष की उपलब्धियों को गिनाया

झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा सुशासन गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में बबीना विधानसभा क्षेत्र की प्रेस वार्ता विधायक राजीव सिंह पारीछा के द्वारा आयोजित की गई। जिसमें उन्होंने बताया कि विभिन्न सरकारों के 70 साल के विकास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष आज भारी पड़ते दिखाई देते हैं। इन 9 वर्षों में भारत का विश्व के तमाम देशों में स्वाभिमान से मस्तिष्क ऊंचा हुआ है। यह विदेशों में रहने वाले भारतीय जानते हैं और महसूस करते हैं।

 

उन्होंने आगे कहा कि यही नहीं उपलब्धियों के रूप में गिनाने के लिए बहुत कुछ है। आज 6 सालों में उत्तर प्रदेश अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन गया है। केंद्र की उपलब्धियों में किसान सम्मान निधि से लेकर उज्जवला योजना का सिलेंडर तक शामिल है। हर घर नल से जल देने का काम पूरा किया जा रहा है। घ्र गरीब को उसके सपनों का आशियाना दिया है। तो बहनों व माताओं को इज्जतघर उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मान प्रदान किया। कभी बुंदेलखंड केवल नारों में आता था, आज बुन्देलखण्ड को भव्यता और दिव्यता अगर किसी ने प्रदान की है तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने झांसी की धरती से देश को संदेश दिया था कि बुंदेलखंड के दुर्दिन अब समाप्त हो गए। यहां से लोग पलायन करके रोजी-रोटी को ढूंढने दूसरे जगह बड़े शहरों में जाते थे, लेकिन हम बुंदेलखंड और झांसी को ऐसा बनाएंगे कि आने वाले समय में विभिन्न राज्यों से लोग बुंदेलखंड में रोजगार ढूंढते हुए आएंगे और विभिन्न राज्यों को बुंदेलखंड से समस्याओं का समाधान मिलेगा। जेपीडा के माध्यम से बबीना विधानसभा क्षेत्र में इंडस्ट्रियल एरिया की घोषणा बड़ा कार्य किया गया है। झांसी में पानी की समस्या से त्रस्त जनता का वीडियो ऑडियो जो वायरल किया जाता था, आज वह सब देखने को नहीं मिलता है।

 

कहा कि आज बबीना विधानसभा पानी की समस्या से पूरी तरह मुक्त होने जा रही है। साथ ही बीमारी के निदान का माध्यम भी प्रदान किया जा रहा है। अब आरओ जैसा शुद्ध पानी हर घर तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। झांसी सबसे सुंदर और विकसित शहर की ओर आगे बढ़ रहा है। कोविड काल में सबसे ज्यादा सेवा उत्तर प्रदेश में की गई। सबसे अच्छी तरह से वैक्सीनेशन उत्तर प्रदेश में किया गया। उन्होंने पानी की समस्या को लेकर कहा कि समस्याएं खत्म होने के कगार पर हैं। यह गर्मी का समय है इसलिए थोड़ी समस्याएं सामने आ जाती है। उन्होंने वाहनों के ताबड़तोड़ चालान काटे जाने को लेकर कहा कि जब नए नियम बनाए जाते हैं तो उनका अनुकरण करने में आमजन को थोड़ा वक्त लगता है। वहीं कानून व्यवस्था पर भी उन्होंने कहा कि कुछ लोग गड़बड़ कर रहे हैं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मुकेश मिश्रा,महामंत्री शैलेंद्र प्रताप सिंह, बंटी जैन,दिगन्त चतुर्वेदी व महावीर शरण भार्गव आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *