झाँसी : क्वारंटाइन खत्म होते ही सांसद पहुंचे मेडिकल कॉलेज
कोविड विभाग का निरीक्षण कर मरीजों के जाने हाल
झाँसी : विगत कई दिनों से कोविड के कारण क्वारंटाइन चल रहे झाँसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा अपनी आइसोलेशन की अवधि पूर्ण होते ही गुरुवार को मेडिकल कॉलेज झाँसी पहुंचे। उन्होंने कोविड विभाग का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मरीजों से मिलकर वहां की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। मरीजों से उनके हाल चाल पूंछे। उन्होंने मरीजों को आयुर्वेदिक काढ़ा तथा सेनेटाइजर भी प्रदान किये। अनुराग शर्मा ने कहा कि इस काढ़े का भी उपयोग करते रहें। सांसद तथा अन्य लोगों ने मरीजों से मिलते समय कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया।
मरीजों से मिलने के बाद सांसद ने चिकित्सकों तथा नर्सिंग स्टाफ के साथ बैठक कर उनको आ रही चुनौतियों पर चर्चा की। उनके त्वरित निवारण का आश्वासन दिया तथा लगातार मरीजों के लिए समर्पित होकर सेवाभाव से काम करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. नरेन्द्र सेंगर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।