मोदी देश के प्रधानमंत्री पर विश्व के नेता: साक्षी महाराज

देश आज सुरक्षित हाथों में बढ़ रहा आगे

झांसी। उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि नरेंद्र भाई मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, जबकि वह विश्व के नेता हैं। आज भारत विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। उनके हाथों में देश सुरक्षित तरीके से विकास की दिशा में बढ़ रहा है। जब देश सुरक्षित होगा तभी हम भी सुरक्षित रहेंगे। और इसके लिए आपको सही दिशा में वोट करना होगा। साक्षी महाराज झांसी में डॉक्टर ब्रह्मानंद निर्वाण दिवस, कल्याण सिंह की श्रद्धांजलि सभा एवं पंचायत चुनाव में निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित समारोह में शिरकत कर रहे थे।

मुख्य अतिथि उन्नाव सांसद साक्षी महाराज- शांति मंत्र के साथ संबोधन शुरु किया। भारत माता की जय और रामगढ़ की महारानी अवंती बाई के चरणों में नमन करते हुए उन्होंने दीवान रघुनाथ जी को भी प्रणाम किया। लखनऊ के झंडा पार्क का इतिहास बताते हुए उन्होंने अपने गांव शहीद गुलाब सिंह लोधी,चंद्रशेखर आजाद, महर्षि बाल्मीकि,लव-कुश की युद्धस्थली को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि ये आजादी हमें ऐसे ही नहीं मिली। ये देश झांसी की रानी,अशफाक उल्लाह खां, समेत उन सबका था जो हंसते हुए मौत को गले लगा गए। हमारा राजनीति से क्या लेना देना। हम राजनीति में आए थे राममंदिर के लिए,370 हटाने के लिए,35 ए के लिए और जनसंख्या नियंत्रण के लिए। मैं हृदय से आभारी हूं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का, जिन्होंने एक बार में ही सब खत्म कर दिया। लोग कहते थे कि 10 बार भी मोदी प्रधानमंत्री बनकर यह सब नहीं कर सकते,लेकिन उन्होंने तो एक बार में ही सब कर दिया।

भाजपा का नया अर्थ
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि आयोध्या मंदिर आंदोलन में से यदि कल्याण सिंह, साक्षी महाराज व उमा भारती इन तीन लोगों को निकाल दो आंदोलन अधूरा रहेगा। आज हम दो, हमारे दो और हम सबके दो। भाजपा का अर्थ भारत,जनता,पार्टी फिर विधायक व सांसद।

अब राजा जनता के वोट से बनता है
कल्याण सिंह जी कहते थे पहले राजा रानी के पेट से ही पैदा होता था, लेकिन अब राजा तुम्हारे वोट से पैदा होता है। जो हम पर साम्प्रदायिक होने का आरोप लगाते हैं उन्होंने देखा कि पाकिस्तान व अफगानिस्तान में क्या हुआ। भारत आज विश्व में सबसे सुंदर स्थान है। इसे सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सबकी जिम्मेदारी है।

देश की सुरक्षा के बाद है हमारी सुरक्षा
उन्होंने कहा कि आज वह पीताम्बरा पीठ पर दर्शन के लिए गए थे। पंडितों ने उनसे मांगने को कहा। इस पर उन्होंने पंडितों से कहा कि आपसे मांगते हैं इस देश के लिए एक माला जप प्रतिदिन। इससे देश को किसी की नजर नही लगेगी। राष्टवादी बने जातिवादी न बनें। जब राष्ट्र सुरक्षित होगा तभी हम सब सुरक्षित होंगे। इसलिए सही दिशा में वोट करें ताकि देश सही हाथों में रहे।

अखिलेश से हुई ऐतिहासिक भूल
उन्होंने अखिलेश का कल्याण सिंह के अन्तिम यात्रा में न जाना ऐतिहासिक भूल बताया। कहा कि अखिलेश जी आप चूक गए, आपसे ऐतिहासिक भूल हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के घर पर एक किमी की दूरी पर एक फूल भी चढ़ाने नहीं जा सके । इसका जबाब तुम्हें पहले विधानसभा चुनाव 2022 में और फिर लोकसभा चुनाव 2024 में देना पड़ेगा। जनता इसका इंतजार कर रही है।

मोदी जी ने तो कमाल कर दिया
उन्होंने मोदी जी की सफल राजनीति की सराहना की। कहा कि पहले धर्म परिवर्तन होते थे,लेकिन मोदी जी ने तो ऐसा कमाल कर दिया कि राम के नाम से भी परहेज करने वाले राहुल व प्रियंका गले में माला डाले मन्दिर मंदिर घूम रहे हैं। ये तो बस शुरुआत है आगे आगे देखिए होता है क्या।

मीडिया ने बना दिया था विवादित बयान वाला
मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि एक समय था जब राष्ट्रवाद की बात करने वाले अकेले साक्षी महाराज को विवादित बयान वाला नेता बना दिया था। साक्षी महाराज के अलावा कोई हिन्दुत्व पर बोलने वाला नहीं था। आज पूरा देश राष्ट्रवाद पर चिल्ला रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *