पिछले 5 साल में पूरे प्रदेश ने दर्द और तकलीफ सही : प्रो. रामगोपाल यादव

झांसी। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद तथा राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने मंगलवार भारतीय जनता पार्टी पर करारे वार किए। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में पूरे उत्तर प्रदेश ने दर्द और तकलीफ सही है। 2017 में भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने जो वायदे किए थे, उनमें एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। इससे साफ हो गया कि भाजपा झूठ बोलने वाली सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि आज नौजवान परेशान है। उसके हाथों में काम नहीं है। यह बात उन्होंने बबीना विधानसभा क्षेत्र के पार्टी के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव के समर्थन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में जो योजनाएं शुरू की गई थी। वह योजना बंद कर दी गई। आज विधवाओं, वृद्धों को पेंशन नहीं मिल रही है। नौजवान दर-दर भटक रहा है। महंगाई सातवें आसमान पर है और भारतीय जनता पार्टी के लोग आज भी झूठ बोलने में नहीं चूक रहे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रदेश के एक-एक नागरिक को बचाने का कर्तव्य सरकार का था, लेकिन भाजपा ने लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया। स्वास्थ्य सेवाओं की असलियत सामने आ गई। लोग अस्पतालों में पलंग तथा ऑक्सीजन के लिए तड़प तड़प कर दम तोड़ गए, लेकिन भाजपा के लोगों की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ा।

उन्होंने इस बात पर गहरा दुख जताया कि इसके बाद भी भारतीय जनता पार्टी के लोग सच्चाई स्वीकार करने के बजाय बड़े-बड़े दावे करने और बड़े-बड़े झूठ बोलने में जुटे हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी का समाजवादी पार्टी से कोई मुकाबला है ही नहीं। न ही पार्टी का काम के मामले में और न ही प्रत्याशियों का समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के मामले में। समाजवादी पार्टी के बबीना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी से ज्यादा साक्षर हैं। ज्यादा सुशील है। ज्यादा संस्कारवान है। ज्यादा संवेदनशील है और ज्यादा काम करने वाले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी के पास केवल अहंकार और झूठ बोलने की सबसे बड़ी कला है।

 

उन्होंने कहा कि यह फैसले की घड़ी है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता का यह दायित्व है कि वह एक एक घर में जाकर मतदाताओं को दोनों सरकारों का न केवल फर्क बताएं, बल्कि सच्चाई से भी सामना कराएं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख महासचिव ने देश के गृहमंत्री अमित शाह द्वारा झांसी में दिए गए बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि योगी मोदी के कोई औलाद ही नहीं है तो भी परिवार और परिवार वाद के बारे में जो कुछ भी बोलते हैं, वह खुद भी नहीं समझ पाते कि वह क्या बोल रहे हैं और उसका अर्थ क्या है। कार्यकर्ता सम्मेलन को पूर्व सांसद डा. चन्द्र पाल सिंह यादव, पूर्व विधान परिषद सदस्य श्याम सुंदर सिंह यादव सहित तमाम वक्ताओं ने संबोधित किया। संचालन मिर्जा करामत बेग ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *