घर घर जाकर बुखार पीड़ितों के लक्षण की जाँच करेंगे स्वास्थ्य कर्मी

जनपद में 7 से 16 सितम्बर तक चलेगा सर्विलांस अभियान

झांसी। प्रदेश के कई शहरों में बढ़ रहे बुखार पीड़ितों को चलते स्वास्थ्य विभाग अब बुखार पीड़ितों का घर-घर पहुँच कर हाल लेगी, उनके लक्षणों की जाँच करेंगी, जरूरी दवाएं और चिकित्सीय सुविधाएँ भी उपलब्ध कराएगी। इसके लिए 7 सितम्बर से सर्विलांस अभियान शुरू हो रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मी घर घर पहुँच कर बुखार वाले मरीजों की जाँच करेगी। स्वास्थ्यकर्मी बुखार के लक्षणों के आधार पर कोविड की भी जाँच करेंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अनिल कुमार ने शनिवार को बताया कि देश कई राज्यों में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने सर्विलांस अभियान तेज करने का फैसला किया है। इसके तहत अब जनपद में भी कोविड के खिलाफ अग्रेसिव रणनीति अपनाते हुये 7 सितंबर से अभियान शुरु हो रहा है। इस अभियान के जरिये कोविड मामलों को भी शुरूआती दौर में पता लगा लेने की रणनीति है। वर्तमान में मौसम के बदलाव को देखते हुए यह सर्विलांस अभियान काफी अहम है।

उन्होने बताया कि अभियान के द्वारा न सिर्फ बुखार से पीड़ित लोगों की खोज करना है बल्कि इसके तहत 45 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे लोगों की सूची भी तैयार करनी है, जिन्होंने अब तक वैक्सीन की एक भी डोज नहीं ली है।
अभियान के स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी निर्देश है कि अधिकारी स्थानीय जरूरत के अनुसार चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कर लें। मरीजों की सुविधा को देखते हुए सरकारी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में बेड की संख्या बढ़ाने के साथ ही अन्य जरूरतों की तत्काल आपूर्ति के निर्देश भी अफसरों को जारी किये गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *