मत्स्य पालन के लिए सरकार दे रही किसानों को आर्थिक मदद

मत्स्य पालकों के भी अब बनेंगे क्रेडिट कार्ड, मत्स्य पालकों को केसीसी कार्ड के लिए सरकार कर रही प्रेरित

झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार मत्स्य पालन की गतिविधियों से जुड़े मत्स्य कृषकों को उनके कामकाज को बढ़ावा देने के मकसद से उन्हें केसीसी कार्ड उपलब्ध कराने पर इस समय खासा ध्यान दे रही है। झांसी में इसका असर दिखाई दे रहा है और बड़ी संख्या में मछली पालन के काम से जुड़े मत्स्य पालक केसीसी के लिए आवेदन करने के लिए सामने आये हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2022-23 झांसी के 534 मत्स्य पालकों को मत्स्य पालन किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया है और इसके सापेक्ष अभी तक 428 आवेदन सामने आये हैं।

वर्तमान वर्ष में बन चुके हैं 181 केसीसी
मत्स्य पालन किसान क्रेडिट कार्ड लघु, मध्यम और बड़े मत्स्य कृषकों को दिया जाता है, जिससे मछली पालन से जुड़ी गतिविधियों का संचालन करने में उन्हें आर्थिक मदद मिल सके। झांसी में यह योजना फिलहाल जोर पकड़ती दिखाई दे रही है। वर्ष 2022-23 में 428 मत्स्य पालक कृषकों ने आवेदन किए, जिन्हें बैंकों को भेजा जा चुका है और इनमें से 181 को स्वीकृति मिल चुकी है। इससे पहले जनपद में 85 मत्स्य पालकों के केसीसी कार्ड बने हुए थे। अभी तक कुल 266 मत्स्य पालकों के केसीसी कार्ड बनाये जा चुके हैं।

मत्स्य पालकों को आत्मनिर्भर बनाने में होगा मददगार
मत्स्य विभाग के उप निदेशक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि झांसी में मत्स्य पालन केसीसी योजना से मत्स्य पालकों को लाभान्वित करने का जो लक्ष्य शासन से मिला है, हम उसे हासिल करने के प्रयास में जुटे हैं। यह योजना मत्स्य कृषकों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आमदनी को बढ़ाने में कारगर साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *