मण्डल में गौवंश के भरण-पोषण को भूसे की समुचित उपलब्धता
झाँसी : मण्डल के सभी तीनों जनपदों में निराश्रित संरक्षित गौवंश के भरण-पोषण को भूसे की समुचित उपलब्धता है। यह व्यवस्था मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अन्तर्गत की गई है।
मण्डल के सभी जनपदों में निराश्रित एवं बेसहारा संरक्षित गोवंश को संरक्षित किये जाने के उद्देश्य से जनपद झाँसी में 250 गौ आश्रय स्थल संचालित हैं, इसमें 27590 गोवंश, जालौन में 408 गौ आश्रय स्थलों में 20507 गौवंश तथा ललितपुर में 38 गौ-आश्रय स्थलों में 21501 गौवंश का संरक्षण किया जा रहा है। मण्डल में कुल 696 गोआश्रय स्थलों की स्थापना एवं संचालन का कार्य करते हुये 69598 गौवंश को संरक्षित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री की सहभागिता योजनान्तर्गत इच्छुक गोपालको को झाँसी में 1348, जालौन में 1520 एवं ललितपुर में 4850 अर्थात मण्डल में कुल 7718 गौवंश सुपुर्द किये जा चुके हैं। आश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंश को समुचित सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके भरण-पोषण हेतु स्थानीय स्तर पर भूसे की व्यवस्था ससमय करना प्राथमिकता है, जिससे गौवंश को समय पर भोजन उपलब्ध हो सके तथा उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
शासन के निर्देशानुसार मण्डल के जनपदों झाँसी में 188, जालौन में 171, ललितपुर में 38 अर्थात मण्डल में कुल 397 भूसा बैंक की स्थापना की गई है। भूसा बैंक की स्थापना के समय विशेष ध्यान रखा गया है कि आगामी वर्षा ऋतु के समय पानी से भूसा किसी कीमत में खराब न हो, इसके साथ ही साथ प्रत्येक गोआश्रय स्थल पर प्रतिदिन भूसे की आवयकता के अनुसार निर्गत करने एवं उनके अभिलेखीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
झाँसी में 54840 कुन्तल, जालौन में 7842 कुन्तल एवं ललितपुर में 8350 कुन्तल अर्थात मण्डल में कुल स्थापित 397 भूसा बैंक में 71032 कुन्तल भूसे का भण्डारण किया गया है। जिसमें 12 कुन्तल भूसा दान दाताओं द्वारा उपलब्ध कराया गया भी सम्मिलित है। राज्य सरकार से प्राप्त होने वाली भरण-पोषण की धनराशि से क्रय किया गया है।
मण्डल के अन्तर्गत जनपदों में गोवंश के भरण-भोषण हेतु पर्याप्त मात्रा में भूसे की उपलब्धता है। स्थानीय स्तर पर हरे चारे की उपलब्धता हेतु भी कार्य किये गये हैं। समस्त चिकित्सक गोवंश की चिकित्सा व्यवस्था हेतु तत्पर हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा भी गोआश्रय स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये जा रहे हैं।