जालौन: पिछली सरकारों ने बुंदेलखंड को लूटा, हम सपने पूरे कर रहे- योगी आदित्यनाथ

बुंदेलखंड दौरा 

मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया

बोले, बुंदेलखंड के सम्पूर्ण विकास के लिए संकल्पित है सरकार

सिंचाई के लिए विशाल बैराज बन रहा है, पचनदा पर्यटन का केंद्र बनेगा

जालौन (अनिल शर्मा) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जालौन के ग्राम लाडपुर दिवारा में 18 हजार करोड़ की लागत से बन रहे 6 लेन बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के साथ लखनऊ से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी भी हेलीकॉप्टर से सुबह 9:50 बजे यहाँ पहुंचे। निरीक्षण करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए CM योगी ने कहा कि वे 2017 में जब प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तो उनके सामने यह सवाल था कि बुंदेलखंड का संपूर्ण विकास कैसे किया जाए। हमने केंद्र सरकार के साथ मिलकर बुंदेलखंड वासियों के आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए योजना बनाई और उस पर तेजी से अमल किया।

उन्होंने कहा क्षेत्र के विकास के लिए दो बहुत महत्वपूर्ण चीजें होती हैं एक तो कनेक्टिविटी और दूसरा एंड इंफ्रास्ट्रक्चर। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के दोनों तरफ की जमीन को सरकार अधिग्रहित करेगी तथा यहां उद्योग लगाए जाएंगे ताकि क्षेत्र और लोगों का विकास हो। उद्योग धंधे लगने से बुंदेलखंड के लोगों को बड़ी संख्या में रोजगार भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में दो एयरपोर्ट बनाए जा रहे हैं। इनमें एक चित्रकूट तथा दूसरा झांसी और ललितपुर के बीच में बनाया जा रहा है। इसका काम तेजी से चल रहा है।

उन्होंने कहा पूरे देश में पांच नदियों का संगम जालौन जिले में है। यहां एक विशाल बैराज बनाया जा रहा है। इसके माध्यम से जालौन, औरैया, इटावा और कानपुर देहात के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। पचनदा को विश्व पर्यटन के मानचित्र में भी लाने की योजना है। सिंचाई के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट बुंदेलखंड वासियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए पूरे बुंदेलखंड में ‘हर घर में नल से जल’ योजना शुरू की गई है। इसका कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह केंद्र और राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना डिफेंस कॉरिडोर का कार्य भी तेजी से बुंदेलखंड में चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने बुंदेलखंड के संसाधनों की लूट की। इसका दोहन किया लेकिन, भाजपा की सरकार ने बुंदेलखंड के विकास का संकल्प लिया और उसे पूरा करने में जुटी हुई है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, जिले की प्रभारी मंत्री नीलिमा कटियार, सांसद भानु प्रताप वर्मा, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, कालपी विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन, माधवगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह बन्ना प्रमुख रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने किया। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी के साथ हेलीकॉप्टर से ललितपुर जनपद के लिए रवाना हो गए।

Kuldeep Tripathi

Editor

Kuldeep Tripathi has 1564 posts and counting. See all posts by Kuldeep Tripathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *