जनपद के 483 शिक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र, नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे

झांसी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प अनुसार पूरे प्रदेश में एक साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों की नियुक्ति पत्र वितरण का आयोजन किया गया। नव नियुक्त शिक्षकों का उत्साह वर्धन किया गया। शिक्षकों की नियुक्ति होने से ग्रामीण सुदूर क्षेत्रों में शिक्षा की स्थिति निश्चित रूप से सुधरेगी। यह बात सदर विधायक रवि शर्मा ने दीनदयाल सभागार में आयोजित शिक्षक नियुक्ति पत्र कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही।
उन्होंने नव नियुक्त शिक्षकों से कहा कि जिस उद्देश्य से नियुक्ति की गई है। उस उद्देश्य को मन लगाकर पूरा करते हुए बिना किसी भेदभाव के कार्य करें। विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा ने कहा कि आज मंजिल पाकर सपना पूरा हुआ है। परिश्रम का फल मीठा होता है। विद्यालय परिवार में जुड़ने के लिए बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा का क्षेत्र पावन एवं सम्मानित क्षेत्र होता है। जिस प्रकार से नियुक्ति में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया है, ठीक उसी प्रकार से आपके द्वारा भी बच्चों को शिक्षा प्रदान करते हुए उनका भविष्य बनाना है। उन्होंने कहा कि मां बाप के बाद शिक्षक ही ऐसा पद है जो डॉक्टर, इंजीनियर, जिलाधिकारी, जज तक बनाता है। जो आप कर सकते हैं वह दूसरा नहीं कर सकता है। आप जहां भी कार्य करें, वहां पूरा मन लगाकर कार्य करेंगे तो निश्चित रूप से हर तरफ से वातावरण श्रेष्ठ हो जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलित कर की गई और छात्राओं द्वारा मॉ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी हरवंश कुमार सहित सभी उप खंड शिक्षा अधिकारी तथा सभी नव नियुक्त शिक्षक उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी सरकारी तंत्र में जुड़ने के लिए बधाई के पात्र हैं। बच्चों का भविष्य आपके हाथ में होता है। आप स्वयं प्रेरणा बनकर रहें, और शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने में पूर्ण जिम्मेदारी निभाएं। माता पिता के बाद बच्चों में अनुशासन आपके हाथ में है।
संध्या तिवारी को मिला पहला नियुक्ति पत्र
नव नियुक्त शिक्षकों में पहला नियुक्ति पत्र विधायकगण द्वारा संध्या तिवारी को मिला। इसके बाद सभागार में उपस्थित अन्य सभी 482 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गए।
5 नियुक्ति पत्रों में मिली विसंगतियां
जनपद में कुल 514 शिक्षकों की नियुक्तियां होनी थी। इसमें से 488 शिक्षकों की काउंसलिंग हुई थी। इनमें 5 शिक्षकों की नियुक्ति में कुछ विसंगतियां पाई गई। इसके चलते उनके नियुक्ति पत्र रोक दिए गए। जबकि 483 को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
नियुक्ति पत्र पाते ही सभी शिक्षकों के चेहरे खिल उठे। बेसिक शिक्षा वैलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रसकेन्द्र गौतम ने भी सभी को शुभकामनाएं देते हुए अपने कर्तव्य पथ पर चलने की शुभेच्छा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *