झांसी। जनपद के थाना गुरसराय क्षेत्र में छेड़खानी के आरोप में हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए गुरसराय के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार दुबे, उपनिरीक्षक विनीत कुमार और दो आरक्षकों राकेश व आनन्द यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। चारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बीते 9 अगस्त को ग्राम सिंगार निवासी रामकुमार कुशवाहा और प्रमोद कुशवाहा ने थाना गुरसराय में राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी के खिलाफ अपनी नाबालिग पुत्री से छेड़खानी का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने राजेंद्र प्रसाद को नियमानुसार हिरासत में लिया था।
परिजनों और वादी की ओर से दिए गए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया कि छेड़खानी के आरोपों से राजेंद्र प्रसाद मानसिक रूप से बेहद परेशान और क्षुब्ध थे। उन्होंने अपने पुत्र को बताया था कि बच्ची उनके बाग से फूल तोड़ रही थी, जिस पर उन्होंने उसे डांटकर वहां से भगा दिया था। उनका आरोप था कि इसी बात को रंजिश के चलते छेड़खानी का रूप दे दिया गया।
इसी मानसिक तनाव के बीच 10 अगस्त को राजेंद्र प्रसाद ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें तत्काल नीचे उतारकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद मृतक के पुत्र विनय कुमार द्विवेदी की तहरीर पर थाना गुरसराय में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मामले की जांच एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार सिंह को सौंपी थी। जांच के बाद पुलिस प्रशासन ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना जारी है और साक्ष्यों व तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है।
इसके अलावा गरौठा थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी को थाना गुरसरांय थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। अतिरिक्त निरीक्षक थाना मोंठ रावेंद्र मिश्रा को गरौठा थाना प्रभारी बनाया गया है। साथ ही पुलिस लाइन से उपनिरीक्षक उपनिरीक्षक अजीत कुमार को गुरसरांय थाने भेजा गया है।
