झांसी। लंबे इंतजार के बाद बुधवार को झांसी में मानसून ने जोरदार दस्तक दी। दोपहर करीब 12:20 बजे शुरू हुई तेज बारिश लगभग डेढ़ बजे तक जारी रही। झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, जबकि अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे भी खिल उठे।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पहले ही जिले में एक-दो दौर की तेज बारिश की संभावना जताई थी, जो दोपहर में सही साबित हुई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के चलते दिन के तापमान में और गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है।
मंगलवार को जिले का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा था। बीते 24 घंटों में बारिश दर्ज नहीं हुई थी। उस दिन अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं होने से उमस बनी रही थी।
अगले दो दिन भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए भी भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। यदि पूर्वानुमान के अनुसार बारिश जारी रही तो अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आकर यह 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी घटकर करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
किसानों के लिए राहत, लोगों को सावधानी की सलाह
लगातार बारिश से जिले में मानसून की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है। इससे फसलों को फायदा मिलने की संभावना है और किसानों को राहत मिलेगी। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और फिसलन वाली सड़कों पर सतर्क रहने की सलाह भी दी है।
अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान
भारी बारिश की संभावना
अधिकतम तापमान: 30°C
न्यूनतम तापमान: 24°C
जलभराव और फिसलन वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह
